प्रतापगढ़। शहर में सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब पीकर माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ नगर कोतवाल विनोद कुमार यादव ने सख्त रुख अपनाया है। पीडब्ल्यूडी चौराहे के पास शराब ठेके के बगल सड़क किनारे खुले में शराब पी रहे लोगों को नगर कोतवाल ने मौके पर ही कड़ी फटकार लगाई और दो टूक चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने की हरकत अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।नगर कोतवाल ने शराब पी रहे लोगों को समझाते हुए कहा कि सड़क किनारे शराब पीना न केवल कानून और व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि इससे आम नागरिकों, महिलाओं और राहगीरों को भी परेशानी होती है। सार्वजनिक जगहों पर अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।मौके पर शराब ठेके के संचालक को भी कड़े निर्देश दिए गए। उन्होंने साफ कहा कि दुकान के आसपास किसी को भी शराब पीने की छूट न दी जाए। यदि दोबारा ठेके के आसपास खुले में शराब पीते लोग मिले तो शराबियों के साथ दुकानदार पर भी कार्रवाई की जाएगी।
खुले में शराब पीने वालों पर नगर कोतवाल का हंटर, ठेकेदार को भी सख्त चेतावनी