# एक मिनट की देरी से स्कूल पहुंचा छात्र, गेट से लौटाया तो ट्रेन की चपेट में आकर हुई मौत
**परिजनों का आरोप- स्कूल प्रबंधन ने गेट से ही वापस भेजा था घर, आक्रोशित परिजनों और छात्रों ने स्कूल में की तोड़फोड़**
प्रयागराज।** घूरपुर थाना क्षेत्र के इरादतगंज में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में स्कूल जा रहे मासूम छात्र की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छात्र एजादन महज एक मिनट की देरी से स्कूल पहुंचा था। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने उसे गेट से ही वापस घर भेज दिया। घर लौटते समय रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान वह तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप है कि यदि छात्र को स्कूल में प्रवेश दे दिया गया होता तो शायद यह हादसा नहीं होता। मासूम की मौत से आक्रोशित परिजन और छात्र स्कूल पहुंच गए। वहां जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की। इस दौरान स्कूल परिसर में अफरातफरी मच गई। स्कूल के कार्यालय और अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचने की तस्वीर सामने आई है।
**एक मिनट की देरी बनी हादसे की वजह**
परिजनों के मुताबिक, छात्र रोज की तरह मंगलवार सुबह स्कूल पहुंचा था, लेकिन महज एक मिनट देर होने के कारण उसे प्रवेश नहीं दिया गया। इसके बाद वह वापस घर लौटने लगा। रास्ते में रेलवे ट्रैक पार करते समय तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी जान चली गई।
मासूम की मौत के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजन स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
एक मिनट की देरी से स्कूल पहुंचा छात्र, गेट से लौटाया तो ट्रेन की चपेट में आकर हुई मौत