सहकारी समिति नारीबारी में खाद के लिए हाहाकार
किसानों ने सचिव और सहयोगियों पर लगाए वसूली और धमकी देने के गंभीर आरोप
बारा प्रयागराज,नारीबारी सहकारी समिति में खाद संकट से किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। पीड़ित किसानों ने नियुक्त कर्मचारियों पर कालाबाजारी और अभद्रता के गंभीर आरोप लगाया है।
प्रयागराज के शंकरगढ़ विकासखंड अन्तर्गत नारीबारी स्थित सहकारी समिति में खाद की किल्लत से किसानों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। खेती-किसानी के महत्वपूर्ण समय में किसान खाद के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। किसानों ने समिति के सचिव और उनके सहयोगियों पर खाद की कालाबाजारी, निर्धारित कीमत से अधिक पैसे वसूलने और किसानों के साथ दुर्व्यवहार करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
किसानों का आरोप है कि जब वे खाद लेने के लिए सहकारी समिति पहुंचते हैं तो सचिव रामसहोदर सिंह किसानों को समिति से दूर भागते नजर आते हैं। वहीं उनके सहयोगी किसानों के कागजात जमा कराने और अंगूठा लगवाने का काम करते हैं, उन पर भी किसानों को धमकाने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
इतना ही नहीं किसानों का कहना है कि एक बार खतौनी और अन्य कागजात जमा कराने के बाद यदि किसी कारणवश प्रक्रिया पूरी नहीं होती है तो उन्हें दोबारा कागजात जमा करने और लंबी कतार में लगने के लिए मजबूर होना पड़ता है। सुबह से शाम तक लाइन में खड़े रहने के बावजूद कई किसान मायूस होकर खाली हाथ घर लौट जाते हैं।
इस पूरे मामले को लेकर किसानों का आरोप है कि खाद की कीमत भी बढ़ाकर ली जा रही है और खाद को ब्लैक में बेचा जा रहा है।
मामले को लेकर जब संबंधित अधिकारी एडीओ सहकारी से कई बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनका फोन नहीं उठा। किसानों का आरोप है एडीओ सहकारी का फोन कभी नहीं उठता।
अब सवाल यह है कि आखिर किसानों की इस परेशानी का जिम्मेदार कौन है। सहकारी समितियां किसानों को राहत देने के लिए हैं या उन्हें कार्यालयों के चक्कर लगवाने के लिए।
एक तरफ सरकार किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के दावे करती है, वहीं दूसरी तरफ नारीबारी और सुरवल सहनी सहकारी समिति में किसानों के आरोप व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और सहकारिता विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और किसानों को खाद की समस्या से कब तक निजात मिलती है।
सहकारी समिति नारीबारी में खाद के लिए हाहाकार